स्वागत

Friday, April 22, 2011

राज ठाकरे के करीबी की पत्नी बना रहीं भोजपुरी फिल्म

एक समय मुंबई में भोजपुरी फिल्म दिखाने वाले सिनेमाघरों में तोड़फोड़ करने वाली राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के एक नेता अब खुद ही भोजपुरी फिल्मों का निर्माण कर रहे हैं और पार्टी को इससे कोई आपत्ति नहीं है। मनसे के उपाध्यक्ष (चित्रपट कामाचार सेना) सतीश बाविस्कर की पत्नी नंदा बाविस्कर नी शेलर भोजपुरी फिल्म त्रिदेव का निर्माण कर कर रही हैं। फिल्म को छठ पूजा के मौके पर प्रदर्शित किया जाएगा। सतीश ने भोजपुरी फिल्म निर्माण को महज व्यवसाय एक व्यवसाय बताया है। पार्टी भी एक सुर में इसे केवल व्यवसाय ही मान रही है। भोजपुरी फिल्मों से मुनाफा कमाने पर मनसे का नरम रवैया इसलिए सवाल खड़े करता है, क्योंकि वह भाषा के नाम पर महाराष्ट्र में लगातार उत्पात मचाती रही है। मनसे कार्यकर्ता शहर के कई सिनेमाघरों में भोजपुरी फिल्म प्रदर्शित करने पर हमले कर चुके है। दिलचस्प यह है कि सतीश को यह काम पार्टी की उत्तर भारतीय भगाओ वाली विचारधारा के खिलाफ नहीं लगता। उन्होंने सफाई देते हुए कहा, भोजपुरी फिल्म निर्माण में क्या बुराई है? जब कोई दुबे, चौबे या मिश्रा मराठी फिल्म बना कर कमाई कर सकता है तो मराठी लोग ऐसा क्यों नहीं कर सकते? वे यहां से धन कमा कर अपने राज्य भेज देते हैं जबकि मराठी लोग कमाई को अपने ही राज्य में रख सकते हैं। मैने यह बात पार्टी के वरिष्ठ अधिकारियों को भी बता दी है। उल्लेखनीय है कि फरवरी 2008 में थाणे के प्रताप टाकिज और जुलाई 2008 में लोअर परेल के दीपक टाकीज पर मनसे कार्यकर्ताओं ने भोजपुरी फिल्म प्रदर्शित करने पर जमकर तोड़फोड़ की थी। मनसे उपाध्यक्ष वागेश सरास्वत ने कहा, यह सिर्फ व्यवसाय है(दैनिक जागरण,राष्ट्रीय संस्करण,22.4.11 में मुंबई से संजीव देवासिया की रिपोर्ट)।

No comments:

Post a Comment

न मॉडरेशन की आशंका, न ब्लॉग स्वामी की स्वीकृति का इंतज़ार। लिखिए और तुरंत छपा देखिएः