स्वागत

Friday, June 4, 2010

फरार एक्टर रघुवीर यादव कल रतलाम में देखे गए


मुंबई पुलिस जिस फरार हास्य अभिनेता रघुवीर यादव को 10 माह से तलाश रही है वे गुरुवार रात राजधानी एक्सप्रेस में दूसरी पत्नी रोशनी अचरेजा के साथ यात्रा कर रहे थे। उनका पीछा उनकी पहली पत्नी पूर्णिमा यादव कर रही थीं। श्रीमती यादव का कहना है कि इस बार वे उनके और पुलिस के चंगुल से बच नहीं पाएंगे इसलिए वे आधा दर्जन बॉडीगार्ड के साथ स्वयं उसी ट्रेन में सफर कर रही हैं जिसमें श्री यादव यात्रा कर रहे हैं।

यह खुलासा पूíणमा यादव ने गुरुवार रात रेलवे स्टेशन पर दैनिक भास्कर से चर्चा में किया। राजधानी एक्सप्रेस 2952 के कोच बी-2 की बर्थ नंबर 36 पर सवार दिल्ली से मुंबई जाते समय ट्रेन के रतलाम रुकने पर उन्होंने बताया रघुवीर यादव को बांद्रा की पारिवारिक न्यायालय ने भगोड़ा घोषित किया है।

अक्टूबर 2009 से मुंबई से लापता रघुवीर को मुंबई पुलिस तलाशने का नाटक कर रही है और वे दूसरी औरत व बच्चे के साथ देशभर में घूमते फिर रहे हैं जो गैरकानूनी है। श्रीमती यादव ने बताया वे अभी भी इसी ट्रेन के बी-2 कोच में बर्थ नंबर 60 व 61 पर यात्रा कर रहे हैं।

अब तक तो वे बचते रहे लेकिन इस बार वे बचकर निकलने नहीं देंगी। वे चाहती हैं कि मुंबई पहुंचते ही पुलिस को पकड़वाएं। यदि बीच में उन्होंने कहीं भागने की कोशिश की तो वे आरपीएफ और जीआरपी की मदद लेंगी। श्री यादव भाग न सकें इसलिए उनके साथ कुछ सहयोगी सदस्य भी ट्रेन में मौजूद हैं।

पूर्णिमा यादव के अनुसार उन्होंने दिल्ली में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष गिरिजा व्यास से मुलाकात की थीं। उन्होंने मदद के लिए आश्वस्त किया है। श्रीमती यादव के अनुसार वे और उनका 20 वर्षीय बेटा अचल अपने भरण-पोषण के लिए दर-दर भटक रहे हैं।

उन्होंने पारिवारिक न्यायालय में भरण पोषण के लिए केस लगाया था जिसके चलते ही न्यायालय ने श्री रघुवीर के खिलाफ समन जारी किया था। पुलिस ने अब तक जो कार्रवाई की उससे श्रीमती यादव कतई खुश नहीं हैं।

मामला एक नजर में

पूर्णिमा यादव लगान, अर्थ जैसी फिल्मों और मुंगेरीलाल के हंसीन सपने और देख भाई देख जैसे धारावाहिक में हास्य अभिनेता का किरदार निभाने वाले रघुवीर यादव की पहली पत्नी हैं। पूर्णिमा का रघुवीर से विवाह 1988 में हुआ था। ये दोनों मन-मुटाव के बाद 1990 से अलग रह रहे हैं।

श्रीमती यादव ने भरण पोषण के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने श्री यादव से 20 हजार रुपए प्रतिमाह दिलाने की मांग की है। 19 सितंबर को बांद्रा की पारिवारिक न्यायालय से रघुवीर यादव के खिलाफ समन जारी हुआ था(दैनिक भास्कर,4 जून,2010 में रतलाम से नीरज शुक्ल की रिपोर्ट)।

2 comments:

  1. एक अच्छे कलार के द्वारा बहुत ही घृणित कार्य. उनको अवश्य ही पहली पत्नी को भरण-पोषण के लिए खर्च देना चाहिए. हालाँकि जितनी डिमांड की जा रही है, उतना देना उनके लिए संभव है या नहीं यह अलग बात है.

    ReplyDelete
  2. ट्रेन अभी मुंबई पहुँची कि नहीं?? क्या हुआ फिर?

    ReplyDelete

न मॉडरेशन की आशंका, न ब्लॉग स्वामी की स्वीकृति का इंतज़ार। लिखिए और तुरंत छपा देखिएः